हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के पूरा होने पर बिलासपुर में आयोजित किया जाने वाला समारोह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों के दिलों में बनाई जगह
यहां जारी एक बयान में अजय शर्मा ने कहा कि दो वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशहित और जनहित में कई बड़े निर्णय लेकर प्रदेशवासियों के दिलों में जगह बनाई है। मात्र दो वर्षों में ही मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में दी गई 5 बड़ी गारंटियों को पूरा करके न केवल अपना वायदा निभाया है, बल्कि हिमाचल को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में भी बड़े फैसले लिए हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा कई गारंटियां पूरी करने पर बौखला गए हैं भाजपा के नेता
अजय शर्मा ने कहा कि गारंटी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की पहली ही बैठक में प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख कर्मचारियों के लिए ओपीएस का प्रावधान किया। एपीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के नेता ओपीएस को असंभव बता रहे थे, लेकिन ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओपीएस देकर केवल सेवारत कर्मचारियों ही नहीं, बल्कि एनपीएस ले रहे कर्मचारियों को भी ओपीएस दी और नई भर्ती किए जा रहे कर्मचारियों को भी इसके दायरे में लाकर उनका भविष्य सुरक्षित किया है।
भाजपा के राज में आम जनता त्रस्त थी और भाजपा सरकार जश्न मनाती थी
इसी प्रकार, सभी पात्र महिलाओं को हर माह 1500 रुपये की राशि दी जा रही है। बेरोजगार युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड योजना शुरू की गई है। विभिन्न विभागों में हजारों पदों को भरने की प्रक्रिया भी आरंभ की गई है और अभी तक अकेले शिक्षा विभाग में ही हजारों पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं। भैंस और गाय के दूध तथा प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बन गया है।
बागवानों के फलों के सही विपणन और इन्हें अच्छे दाम देने की दिशा में भी मुख्यमंत्री ने सराहनीय निर्णय लिए हैं। बेसहारा बच्चों और महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए भी मुख्यमंत्री ने बेहतरीन योजनाएं आरंभ की हैं।
अजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के इन्हीं फैसलों के परिणामस्वरूप आज प्रदेश के किसानों-बागवानों, युवाओं, गरीबों, महिलाओं और कर्मचारियों सहित समाज का हर वर्ग प्रसन्न है। इसलिए, प्रदेश सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 11 दिसंबर को बिलासपुर में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदेश के कोने-कोने से लोग पहुंचेंगे।
कांग्रेस की गारंटियां पूरी न करने के निराधार आरोप लगाने वाले भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए अजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दी गई ओपीएस, महिलाओं को 1500 रुपये की सम्मान राशि, 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड, हजारों पदों पर भर्तियां जैसे ऐतिहासिक निर्णर्यों से भाजपा नेता बौखला गए हैं। अब वे प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री की कल्याणकारी एवं विकासात्मक सोच से भली-भांति परिचित है और भाजपा के दुष्प्रचार को समझ चुकी है।
पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अजय शर्मा ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में प्रदेश में नौकरियां बिक रहीं थीं, प्रतिभाशाली युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर थे, कर्मचारी ओपीएस की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे थे। लेकिन, उस समय की सरकार इन युवाओं और कर्मचारियों के दर्द दूर करने के बजाय अपने जश्नों पर ही करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही थी।
अजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कमान संभालते ही ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवाओं और कर्मचारियांे सहित समाज के सभी वर्गों के लिए सराहनीय लेकर एक नई मिसाल कायम की है।