कबूतर उड़ाकर कैप्टन रणजीत ने दिया संदेश ; कहा : कांग्रेस सरकार के लिए पूरी जनता अपना परिवार, खुलकर बताएं समस्याएं

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने अपने देसी का नौण पंचायत के दौरान कहा कि विधानसभा क्षेत्र की पूरी जनता सरकार का हिस्सा है। हर व्यक्ति बिना किसी झिझक के अपनी समस्या बताएं। हर व्यक्ति की समस्या या परेशानी न केवल सुनी जा रही है, बल्कि उनका तय समय में निराकरण भी किया जा रहा है।

 

पंचायत के नरेली गांव में राजस्थानी कबूतरों को पिंजरे से कैद कर उन्मुक्त गगन में उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का हर व्यक्ति बिना किसी पार्टी बाजी के अभी अभिव्यक्ति व्यक्त करें। सबको अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की आजादी है।

 

हर व्यक्ति चाहे वो किसान-मजदूर, युवा या कर्मचारी या फिर हमारी नारी शक्ति है, सभी अपने बहुमूल्य सुझाव उन्हें दे, ताकि उन्हें सरकार के समक्ष रखा जा सके। यह व्यवस्था परिवर्तन करने वाली सरकार है, जोकि समाज के हर वर्ग का मर्म समझ रही है और जनता के साथ प्रदेश के हितों का ध्यान रख रही है।

 

कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने कहा कि हम सबको मिलकर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को आदर्श बनाना है, जिसमें सबका सहयोग चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने जनता की समस्याएं भी सुनी और अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया। शेष समस्याओं को उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

 

वहीं उन्होंने क्षेत्र की जनता की मांग पर सुजानपुर से चंडीगढ़ वाया देई का नौण सुबह सवा 7 बजे तथा शाम सवा 5 बजे सुजानपुर से हमीरपुर वाया देई का नौण बस चलाने का आश्वासन दिया।

 

इस अवसर पर पूर्व पंचायत प्रधान रत्न सिंह, पूर्व उपप्रधान जगरनाथ, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व भाजपा बूथ अध्यक्ष बबलू सोनी, कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी मदन लाल कौंडल, कांग्रेस बूथ अध्यक्ष सोनू शर्मा, मंजू घोष सहित पंचायत के दर्जनों लोग उपस्थित रहे।