

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने बुधवार को यहां चौगान में कामगारों के लिए जागरुकता एवं आवश्यक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने मुख्य अतिथि और बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।


कामगारों को 13 योजनाओं से लाभान्वित करेगा कामगार कल्याण बोर्ड : नरदेव कंवर

इस अवसर पर कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें हमेशा आम लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए कार्य करती हैं और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार भी इसी दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर का धन्यवाद करते हुए विधायक ने कहा कि सुजानपुर के सभी पात्र कामगारों तक बोर्ड की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सुजानपुर में सभी विकासात्मक परियोजनाओं को चरणबद्ध ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा। यहां बस स्टैंड, टाउन हॉल और अन्य सभी निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करवाया जाएगा। हमीरपुर शहर की तरह सुजानपुर में भी आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे तथा शहर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने सुजानपुर में आयोजित किया कार्यक्रम

इससे पहले, कामगारों को संबोधित करते हुए नरदेव कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहंुचाने की भावना के साथ कार्य करते हैं। उनके निर्देशानुसार कामगार कल्याण बोर्ड की सभी 13 योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए नरदेव कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 की भीषण आपदा के पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार की मदद के बगैर ही प्रदेश के अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज जारी करके एक ऐतिहासिक निर्णय लिया था। इससे हजारों लोगों का पुनर्वास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दृढ़ इच्छाशक्ति और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए प्रदेश के राजस्व को 2200 करोड़ रुपये के रिकार्ड स्तर तक पहुंचाया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि ने लगभग 100 कामगारों को इंडक्शन चूल्हे भी वितरित किए।
श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी कामगारों का स्वागत किया और बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, एसडीएम डॉ. रोहित शर्मा, सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र वर्मा, पार्टी के अन्य पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
Post Views: 178


