गणतंत्र दिवस पर भोरंज में एसडीएम ने फहराया तिरंगा

भोरंज/हमीरपुर  :-  76वें गणतंत्र दिवस का उपमंडल स्तरीय समारोह आदर्श माध्यमिक पाठशाला भोरंज के मैदान में बडे़ धूमधाम व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस व एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड की सलामी ली।

 

सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू किया गया था। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है और इसी दिन हमारे देश भारत को गणतंत्र देश का सर्वाेेत्तम दर्जा प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान अन्य देशों के संविधान से अधिक मजबूत और सशक्त है।

 

उन्होंने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से आज़ाद करने के लिए देश के स्वतंत्रता सैनानियों के साथ-साथ हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश को आज़ादी दिलाने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। आज हमें देश को आजाद कराने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान बनाने वाले महापुरुषों को भी नमन करना चाहिए। हम बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सदैव ऋणी रहेेंगे, जिन्होंने संविधान निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसडीएम ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। हमारे देश में हर 30-40 किलोमीटर के बाद भाषा, खान-पान, वेश-भूषा और भिन्न-भिन्न बोलियों के बावजूद भी हमारे देश को विविधत्ता में एकता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब हम खाद्यानों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहते थे लेकिन उसके बाद हमारे देश ने चाहे वह कृषि का क्षेत्र हो या औद्योगिक क्षेत्र हो या फिर संचार क्रांति का विषय, प्रत्येक क्षेत्र में भारत ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले लोगों एवं विभिन्न स्कूलों के बच्चों को ट्राफी व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में भोरंज के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाषण, देशभक्ति गीत व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया।

इस मौके पर बीएमओ भोरंज ललित कालिया, आदर्श माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, एसएचओ प्रशांत ठाकुर, नायब तहसीलदार पृथी चंद और पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारीगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।