

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती समारोह के अवसर पर पूर्व जिला भाजपा उपाध्यक्ष उषा बिरला ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की एक अद्वितीय और प्रेरणादायक शख्सियत हैं। उनका जीवन सादगी, त्याग, न्यायप्रियता और जनसेवा की मिसाल रहा है।


उषा बिरला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति और हमारे महापुरुषों की गौरवमयी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में 21 मई से 31 मई तक अहिल्याबाई होलकर जी की जयंती मनाई जा रही है।


उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन यह संदेश देता है कि कोई भी स्त्री अपने दृढ़ संकल्प, आत्मबल और सेवा भाव से समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विधवाओं और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा से लेकर समाज के हर वर्ग के कल्याण हेतु उनके अद्वितीय योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।



उषा बिरला ने कहा कि आज उनकी जयंती पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात कर समाज की सेवा करें। वे एक शासक नहीं, बल्कि भारत की नैतिक और सांस्कृतिक चेतना की प्रतीक हैं।
अंत में, उषा बिरला ने सभी देशवासियों को अहिल्याबाई होलकर की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।




