



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की पोहंज पंचायत के अधीन ग्राम बनालग में 31 मई को शताब्दी से अधिक पुरानी परंपरा को जीवित रखते हुए पारंपरिक कुश्ती मेले का आयोजन भव्य रूप में किया गया।

यह मेला दिवंगत पहलवान सुंदरलाल की स्मृति में आयोजित होता है, जिसमें प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी नामी पहलवान भाग लेकर अपनी कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।



मेले की खास बात यह रही कि इसका संचालन पूरी तरह ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया गया। आयोजन की कमान डोगरा परिवार ने संभाली, जिसमें सेवानिवृत्त प्रिंसिपल तुलसीराम डोगरा और मोहन सिंह डोगरा की अहम भूमिका रही।




इस वर्ष की कुश्ती प्रतियोगिता में दिल्ली के संजीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि डिम्मी के लक्की उपविजेता रहे। विजेता को ₹5100 नकद और गदा प्रदान की गई,

जो डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा द्वारा अपने दादा सुंदरलाल जी की स्मृति में भेंट की गई। वहीं उपविजेता को ₹4100 नकद एवं गदा आयोजन समिति की ओर से डॉ. डोगरा द्वारा प्रदान की गई।

आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं की भूमिका सराहनीय रही। विशेष योगदान देने वालों में कृष्णा राणा, शक्ति चंद, सागर रांगड़ा, अजय डोगरा, सुनील डोगरा, सूबेदार संजय डोगरा तथा अन्य ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य तुलसीराम डोगरा, प्रधानाचार्य मोहन सिंह डोगरा, कैप्टन के. सिंह, प्रेमचंद, रमेश चंद, दिनेश कुमार, अशोक कुमार, विशाल, सूरज, शिबू, गगन सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बनालग गांव का यह पारंपरिक मेला केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी है। आयोजकों ने समस्त खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से भविष्य में भी इस ऐतिहासिक मेले को समर्थन और प्रोत्साहन देने की अपील की।
















Total Users : 127194
Total views : 192428