

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने प्रैस को जारी बयान में आरोप लगाया है कि प्रदेश से चार लोक सभा सांसद और तीन राज्यसभा सांसद है लेकिन यह सभी हिमाचल का पक्ष केंद्र में रखने के मामले फिस्सड्डी साबित हुए हैं।


दिल्ली में दब जाती है हिमाचल के सांसदों की ज़ुबान: संदीप सांख्यान


उन्होंने कहा कि इन दिनों आपरेशन सिंदूर की मार्केटिंग में व्यस्त देश के प्रधानमंत्री के आगे हिमाचल के सांसदो की आवाज तो दब ही गई है और यह बौने भी साबित हो रहे हैं।



हमीरपुर संसदीय सीट से पांच बार जीते सांसद अनुराग ठाकुर की बोलती केंद्र की भाजपा सरकार ने उनके पर काटकर काफी पहले ही बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि देश के पराक्रम का परचम लहराने वाली देश की सेना का मनोबल भाजपा के नेता ही तोड़ रहे हैं।
देश की वीर बेटियों को आतंकियों की बहन बोलने वाले बेलगाम इन भाजपा नेताओं पर कोई कार्यवाही नहीं होती। उन्होंने कहा कि आपरेशन सिंदूर पर राजनीति करने वाली भाजपा की हवा बहुत जल्द ही निकल गई। उन्होंने कहा कि देश की जनता के सामने सच्चाई आ चुकी है ऐसे में देश के सैन्य पराक्रम को वोटों में तबदील करने की राजनीति अब ज्यादा नहीं चलेगी।


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार मजबूती से खड़ी है और शिद्दत से चल भी रही है। बिना केंद्र की मदद से हिमाचल प्रदेश की सरकार ने दिखा दिया है कि गुड गर्वनेेंस और जनता का विश्वास सत्ता चलाने के लिए मायने रखता है।
बावजूद इसके केंद्र में भाजपा की सरकार बने हुए 1 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है लेकिन यह सातों सांसद हिमाचल का पक्ष केंद्र में रखने में नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यहां तक कि देश के माननीय प्रधानमंत्री मंत्री भी कई मर्तबा हिमाचल प्रदेश को अपना घर बता चुके हैं लेकिन यह दूसरा घर उनको सिर्फ चुनावों के समय ही याद आता है।
इसके बाद कभी प्रधानमंत्री इधर का रूख भी नहीं करते। यही नहीं हिमाचल की मजबूत कांग्रेस सरकार को गिराने की भाजपा की खरीद फरोख्त की राजनीति और कृत्य सार्वजनिक हुए। सभी कोशिशें बेकार होने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपने शानदार एवं स्वर्णिम तीन साल पूरे करने को है।
ऐसे में भाजपा के नेताओं के पेट में बल पड़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों में प्रदेश की जनता गिन गिन के भाजपा को सबक सिखाएगी।



