


हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर हिमाचल सरकार को AAP ने घेरा, कुनिहार की घटना पर कड़ी निंदा की है। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामलों पर आम आदमी पार्टी (AAP) हिमाचल प्रदेश ने गहरी चिंता व्यक्त की है और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है।

छात्रओं के खिलाफ कुनिहार में घटित घटना बेहद शर्मनाक



AAP ने कुनिहार में एक प्राथमिक स्कूल के शिक्षक द्वारा बच्चियों के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना की कड़ी शब्दों में निंदा की है, जिसके बाद बच्चियों को स्कर्ट पहनने से मना कर पैंट की मांग करनी पड़ी है।



आरोपी शिक्षक को तुरंत बर्खास्त करे सरकार
आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रवक्ता ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा, “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में हमारी माताओं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। कुनिहार की घटना, जिसमें एक शिक्षक पर बच्चियों के साथ लगातार छेड़छाड़ का आरोप लगा है, राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का एक ज्वलंत उदाहरण है।


राज्य में महिला आयोग की अध्यक्षा की नियुक्ति कब करेगी सरकार ?
यह और भी चिंताजनक है कि आरोपी शिक्षक का पहले भी विवादों से नाता रहा है, जिससे यह सवाल उठता है कि ऐसे व्यक्ति को शिक्षा जैसे पवित्र पेशे में कैसे रहने दिया गया।”
AAP ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। प्रवक्ता ने कहा, “महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार की चुप्पी और निष्क्रियता बेहद निराशाजनक है। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार अपराधियों को खुला संरक्षण दे रही है, जिससे उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं।”
आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश निम्नलिखित मांगों के साथ राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करती है:
* कुनिहार मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।
* राज्य में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले सभी आपराधिक मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए।

महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिसमें स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है।
सरकार इस मामले में अपनी जवाबदेही तय करे और प्रदेश की जनता को आश्वस्त करे कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
AAP हिमाचल प्रदेश ने दोहराया कि वह प्रदेश की महिलाओं और बच्चियों के साथ हर कदम पर खड़ी है और उनकी सुरक्षा व सम्मान के लिए हर संभव प्रयास करेगी। यदि सरकार ने इस दिशा में तत्काल और प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ने को विवश होगी।
“कुणिहार की मासूम बच्चियों की चीख अब पूरे हिमाचल को झकझोर रही है।”
एक शिक्षक द्वारा स्कूल की बच्चियों के साथ लगातार की जा रही छेड़छाड़ और मानसिक शोषण की घटना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह कांग्रेस सरकार की नाकामी का साफ़ सबूत है। बच्चियों को यह कहना पड़े कि “हमें स्कर्ट नहीं पहननी, पैंट दे दो” — यह सुनकर हर संवेदनशील व्यक्ति का सिर शर्म से झुक जाना चाहिए।
आम आदमी पार्टी इस अमानवीय घटना की घोर निंदा करती है और सरकार से सवाल करती है –
क्या यह वही “सशक्त महिला सुरक्षा” है जिसकी बातें कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह मंचों से करती हैं?
आज सरकार न तो स्कूलों को सुरक्षित रख पाई है, न ही बच्चियों को। यह घटना केवल एक व्यक्ति की नहीं, एक लापरवाह और असंवेदनशील सिस्टम की कहानी है।
आम आदमी पार्टी मांग करती है:
1. दोषी शिक्षक को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सख्त सजा दी जाए।
2. प्रदेश के सभी स्कूलों में महिला व बाल सुरक्षा समिति गठित की जाए।
3. हर स्कूल में महिला शिक्षिकाओं की संख्या अनिवार्य की जाए।
4. कांग्रेस सरकार इस शर्मनाक चूक की ज़िम्मेदारी ले और जनता से माफ़ी मांगे।
हिमाचल की बेटियाँ अब चुप नहीं रहेंगी। आम आदमी पार्टी हर बच्ची और महिला के साथ खड़ी है। अब बदलाव ज़रूरी है।
महिला शक्ति , आम आदमी पार्टी, हिमाचल प्रदेश


