



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को अस्पतालों में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों तथा अस्पतालों के लिए सुनियोजित एवं प्रभावी सुरक्षा योजना तैयार करने के बारे में प्रशिक्षित करने हेतु जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा दिल्ली की एक संस्था जियो-हैजर्ड्स सोसाइटी के सहयोग से तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा ने वीरवार को इस कार्यशाला का शुभारंभ किया।
डीडीएमए द्वारा जियो-हैजर्ड्स सोसाइटी के सहयोग से आयोजित की जा रही है कार्यशाला



कार्यशाला के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. बृजनंदन शर्मा ने कहा कि किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा या अन्य आपात परिस्थिति में स्वास्थ्य संस्थानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इन्हीं के माध्यम से कई अनमोल जानें बचाई जा सकती हैं। इसलिए, भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, आगजनी, अन्य आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य तंत्र अत्यंत आवश्यक है। यही नहीं, भीषण आपदा में इन्हें सुरक्षित रखने के लिए भी पुख्ता प्रबंध होने चाहिए तथा इन प्रबंधों की नियमित रूप से समीक्षा की जानी चाहिए।



जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा ने किया तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ

कार्यशाला के आयोजन के लिए डीडीएमए की सराहना करते हुए डॉ. बृजनंदन शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात परिस्थितियों के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को इसके लिए प्रभावी सुरक्षा योजना तैयार करने हेतु प्रशिक्षित करने की दिशा में यह कार्यशाला अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।

इस कार्यशाला में जिले भर के खंड चिकित्सा अधिकारी, अन्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
















Total Users : 125836
Total views : 190400