नगर निगम हमीरपुर और अन्य शहरी निकायों का परिसीमन अंतिम रूप से प्रकाशित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-  नगर निगम हमीरपुर, नगर परिषद सुजानपुर और नादौन, नगर पंचायत भोटा, नगर पंचायत बड़सर और नगर पंचायत भोरंज के परिसीमन और वार्डों के नाम एवं संख्या को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है।

 

जिलाधीश अमरजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम हमीरपुर में 15 वार्ड बनाए गए हैं। नगर परिषद सुजानपुर और नादौन में 9-9 वार्ड होंगे। नगर पंचायत बड़सर में भी 9 वार्ड बनाए गए हैं। जबकि, नगर पंचायत भोटा और भोरंज में 7-7 वार्ड होंगे।

नगर निगम हमीरपुर, नगर परिषद नादौन, नगर पंचायत बड़सर और नगर पंचायत भोरंज के परिसीमन के संबंध में प्राप्त आपत्तियों के निपटारे के बाद जिलाधीश अमरजीत सिंह ने वीरवार देर शाम को इनके परिसीमन, वार्डों के नाम एवं संख्या को अंतिम रूप से प्रकाशित करने बारे आदेश जारी कर दिए।

 

जबकि, नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा का परिसीमन पहले ही फाइनल हो चुका है।