



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में कक्षा सातवीं के छात्रों के लिए युवा संसद का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में छात्रों ने युवा प्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत जोश और आत्मविश्वास के साथ निभाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा और साथ ही समन्वयिका श्रीमती मनीषा मारवाह तथा बैंड हेड अंजना शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।



संसद की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल का आयोजन हुआ, जिसमें सत्ता दल और विपक्ष दल के बीच विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर जोरदार बहस हुई। विपक्ष ने मंत्रियों से गंभीर प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर सत्तादल ने दृढ़ता और तार्किकता से दिए। चर्चा में नई शिक्षा नीति 2020, नारी सशक्तिकरण, ऑपरेशन सिंदूर विमान दुर्घटनाएं, रेल सेवाएं, पर्यटन, किसान योजनाएं, यातायात व राजमार्ग, प्राकृतिक आपदाएं, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।



कुछ छात्र नव-निर्वाचित सांसदों के रूप में तो कुछ विदेशी प्रतिनिधियों की भूमिका में नजर आए। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया की भूमिका भी छात्रों ने सक्रिय रूप से निभाई। इस अनुभवात्मक और आनंददायक अधिगम के माध्यम से छात्रों ने लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व, सत्ता दल, विपक्ष और मीडिया की भूमिका को व्यवहारिक रूप में समझा।
कार्यक्रम की सफलता में सामाजिक विज्ञान की अध्यापिका श्रीमती पूजा शर्मा का विशेष योगदान रहा। यह आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणास्पद पहल रहा।

अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों के आयोजन के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।
















Total Users : 127195
Total views : 192429