



हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर (जोलसप्पड़) को वन विभाग से 15.532 हेक्टेयर भूमि मिली है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की मंजूरी के बाद यह भूमि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नाम हो गई है। मंत्रालय ने अतिरिक्त मुख्य सचिव, वन हिमाचल प्रदेश को पत्र के जरिये इस बारे में सूचित कर दिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी के अथक प्रयासों से स्वास्थ्य विभाग के नाम वन भूमि का हस्तांतरण हुआ है। इस भूमि पर अब निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
पर्यावरण मंत्रालय की मंजूरी के बाद स्वास्थ्य विभाग के नाम हुई जमीन


मेडिकल कॉलेज में इस भूमि पर कैंसर अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, 300 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड अस्पताल व डॉक्टरों एवं स्टाफ के लिए क्वार्टर बनेंगे। 15 हेक्टेयर भूमि और मिलने से इन भवनों के निर्माण में तेजी आएगी।



मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह के अथक प्रयासों से हुआ एफसीए का अंतिम अनुमोदन
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वन विभाग ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के समक्ष अंतिम एफसीए देने का मामला उठाया हुआ था। मुख्यमंत्री खुद भी इस मामले को दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री के सम्मुख जोरशोर से उठा चुके थे।

200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला कैंसर अस्पताल मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री ने नाॅर्थ जोन का आधुनिक स्टेट कैंसर इंस्टीच्यूट, नर्सिंग कॉलेज, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल व मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल भी जोलसप्पड़ में ही स्वीकृत किया है ताकि एक ही स्थान पर अनेक बीमारियों का उचित उपचार हो सके।
सरकार कैंसर अस्पताल के निर्माण के लिए अब तक 90 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है। नर्सिंग कॉलेज व हॉस्टल का निर्माण दस करोड़ रुपये की लागत से होना है, सरकार अब तक 3.33 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है।
भूमि हस्तांतरण की अंतिम मंजूरी आने के बाद अब कैंसर अस्पताल व अन्य भवनों का निर्माण कार्य तेजी से हो सकेगा।
15 हेक्टेयर भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम न होने से नए भवनों का निर्माण कार्य सिरे चढ़ाने में देर हो रही थी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह जी के निर्देश पर वन विभाग के उच्च अधिकारी भूमि हस्तांतरण की अंतिम मंजूरी प्राप्त करने के लिए शिद्दत से जुटे हुए थे, जिसमें उन्हें अब सफलता मिल गई है।
















Total Users : 127194
Total views : 192428