बाढ़ प्रभावित मंडी सिराज क्षेत्र के लिए राहत सामग्री भेजी गई

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- मंडी जिला के सिराज, जंजैहली और थुनाग क्षेत्र में हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस कठिन समय में उखली पंचायत के अप प्रधान एवं जनसेवक सुशील ठाकुर के नेतृत्व में बाढ़ ग्रस्त पीड़ितों के लिए एक विशेष राहत अभियान चलाया गया।

 

इस अभियान के अंतर्गत स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों तथा हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के सहयोग से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री एकत्रित की गई।

 

इस सामग्री में खाद्य पदार्थ, कपड़े, आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं अन्य जरूरी सामान शामिल है। आज यह राहत सामग्री 6 वाहनों के माध्यम से मंडी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की गई।

 

इस पुनीत कार्य में कई स्थानीय दानवीरों एवं समाजसेवियों ने तन, मन और धन से सहयोग किया। इस मौके पर प्रधान सुशील ठाकुर ने कहा मानवता सबसे बड़ा धर्म है। आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों की सहायता करना हम सबका नैतिक कर्तव्य है।

 

 

उन्होंने राहत सामग्री भेजने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं का आभार प्रकट किया।

 

हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के संयोजक राजन कुमार ने भी इस राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित सराज क्षेत्र के ग्रामीण जिनके घर उजड़ गए हैं, उनके लिए यह राहत सामग्री एक छोटी सी पर संवेदनशील पहल है। हम सबको मिलकर ऐसी आपदाओं का सामना करने के लिए तत्पर रहना चाहिए।”

 

इस मानवीय पहल ने यह साबित कर दिया कि संकट के समय समाज में एकजुटता और संवेदनशीलता आज भी जीवित है।