


हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेटी गांव में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत कार्यों के लिए चूहाग (चम्बोह) युवक मंडल ने ₹1,05,500 की बड़ी सहायता राशि प्रदान कर मानवता और समाज सेवा की मिसाल पेश की है। युवक मंडल के सदस्यों – रोहित, राकेश, पंकज, अनिल और विकास – ने इस पुनीत कार्य में पूरा सहयोग दिया और गांव-समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।
राहत राशि सौंपने के दौरान समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभ्यवीर सिंह लवली, धरमपुर मंडल अध्यक्ष विनोद ठाकुर, पटा पंचायत प्रधान दिनेश ठाकुर, समीरपुर मंडल महामंत्री हिटलर ठाकुर, तथा भोरंज से कुलदीप शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने युवक मंडल की एकजुटता और सेवा भावना की सराहना की।
समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभ्यवीर सिंह लवली ने कहा,
> “इस आपदा की घड़ी में युवाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका यह सहयोग न केवल प्रभावित परिवारों को राहत देगा बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा कि युवा हर संकट में आगे रहते हैं।”
धरमपुर मंडल अध्यक्ष विनोद ठाकुर ने कहा कि ऐसे कार्यों से युवाओं की सोच और उनकी सामाजिक जिम्मेदारी का पता चलता है। उन्होंने युवक मंडल के सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सेवा भावना से कार्य करते रहने का आह्वान किया।
पटा पंचायत प्रधान दिनेश ठाकुर ने भी युवक मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की मदद से जरूरतमंद लोगों को तुरंत राहत मिलती है और गांव-समाज की एकजुटता मजबूत होती है।
अनुराग ठाकुर द्वारा रसोईघर सामग्री का वितरण
इस प्राकृतिक आपदा में बेघर हुए परिवारों के लिए सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा 20 परिवारों को रसोईघर के सभी आवश्यक बर्तन और सामान उपलब्ध करवाए गए। इस कार्य में बजडौह पंचायत के महिला मंडल बजडौह, भरठयिनी महिला मंडल, तथा पट्टा पंचायत प्रधान दिनेश ठाकुर ने भी विशेष योगदान दिया। प्रधान दिनेश ठाकुर ने 10 परिवारों के लिए रसोईघर का पूरा सामान स्वयं उपलब्ध करवाया।
इस अवसर पर समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभ्यवीर सिंह, मंडल महामंत्री हिटलर ठाकुर, पट्टा पंचायत के प्रधान दिनेश ठाकुर, कुलदीप शर्मा, पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण जन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने प्रभावित परिवारों को सहयोग पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना की।
Post Views: 152


