आपदा में सेवा ही संगठन की पहचान है: ABVP 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बड़सर इकाई ने सेवा कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंडी जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए एक गाड़ी राहत सामग्री भेजी।

 

 

इस राहत सामग्री में आटा, चावल, दाल, तेल, नमक, मसाले, बिस्किट, पानी की बोतलें, साबुन, सैनिटरी पैड, कंबल, कपड़े व अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। परिषद के कार्यकर्ताओं ने अपने स्तर पर यह सामग्री एकत्र की और जनसहयोग से उसे पीड़ित परिवारों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

 

 

ABVP बड़सर इकाई ने मंडी आपदा पीड़ितों के लिए भेजी राहत सामग्री

बड़सर इकाई के कार्यकर्ताओं ने बीते कुछ दिनों से स्थानीय स्तर पर लोगों से संपर्क कर सामग्री एकत्र की और स्वयं उसे पैक कर एकत्रित किया। इसके बाद आज सुबह यह गाड़ी मंडी के लिए रवाना की गई। यह पहल न केवल संगठन के सेवा भाव का प्रतीक है, बल्कि युवाओं के सामाजिक उत्तरदायित्व का भी एक उदाहरण है।

 

इस अवसर पर ABVP बड़सर इकाई के सक्रिय कार्यकर्ता पारस, संजीव, अंशुल, रोहित, शुभम, अमित, प्रदीप, साहिल, गौरव, निखिल, अर्जुन, विवेक, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सिर्फ शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर पहलू में योगदान देना परिषद की प्राथमिकता है।

 

कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि यह सेवा कार्य आगे भी जारी रहेगा और यदि ज़रूरत पड़ी तो आगे और भी राहत सामग्री भेजी जाएगी। परिषद के इस प्रयास की स्थानीय लोगों द्वारा भी सराहना की गई और कई लोगों ने आगे भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव “सेवा, संस्कार और संगठन” के मूल मंत्र को लेकर कार्य करती है, और जब भी देश-प्रदेश में कोई आपदा आती है, परिषद के कार्यकर्ता बिना किसी स्वार्थ के सेवा कार्यों में जुट जाते हैं।