हिम अकादमी स्कूल में संस्कृत सुधा सभा का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हमीरपुर में दिनांक 29 अगस्त 2025 को संस्कृत सुधा सभा बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई। इस अवसर पर कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और श्लोकोच्चारण से हुई व मुख्य अतिथिगण प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल, समन्वयका कंचन लखनपाल, मनीषा मारवाह द्वारा दीप प्रज्वलन के पश्चात विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषण, वाचन, नाटक, गीत एवं संवाद प्रस्तुत किए। बच्चों ने हास्य एवं प्रेरणादायक नाटिकाओं के माध्यम से संस्कृत भाषा की महत्ता और उसकी सरलता को प्रदर्शित किया। ‘एक पेड़ धरती के नाम’ नामक संस्कृत नाट्य प्रस्तुति करवाई गई।

 

 

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि उत्पन्न करना, सृजनात्मक एवं सामाजिक कौशल का विकास करना तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से उन्हें जोड़ना था। मंच का संचालन संस्कृत भाषा में किया गया व सब गतिविधियां संस्कृत भाषा में ही संपन्न हुई।

 

 

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और ज्ञान की आत्मा है।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं और संस्कृत सुधा सभा को सफल बनाने हेतु शिक्षकों व छात्रों का धन्यवाद किया।