उपरोक्त मांगों को लेकर यूनियन (सीटू) 22 सितंबर करेगी प्रदर्शन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  हिमाचल भवन, सड़क एवं अन्य निर्माण मजदूर यूनियन (संबंधित सीटू) 22 सितंबर को श्रम कल्याण बोर्ड के राज्य मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी l उल्लेखनीय है कि जब से प्रदेश में कॉंग्रेस की सरकार बनी है तब से ही श्रम कल्याण बोर्ड से निर्माण मजदूरों को मिलने वाले लाभ नहीं मिल रहे हैं जिससे मजदूरों में भारी रोष है l

 

मजदूरों के श्रम कल्याण बोर्ड में पंजीकरण और नवीनीकरण में भी आए दिन नयी नयी औपचारिकताएं लगाई जा रही हैं जिससे मजदूरों का नवीनीकरण ही नहीं हो रहा है l पिछले तीन चार सालों से मजदूरों के लाभ जारी नहीं किए जा रहे हैं मजदूर श्रम कल्याण बोर्ड के कार्यालयों में कई कई चक्कर लगाने के बाद भी सिर्फ परेशान ही हो रहे हैं और उनको लाभ नहीं मिल रहे हैं l

 

 

श्रम कल्याण बोर्ड की बैठकों में कई बार फैसले तो हो जाते कि अगली बोर्ड की बैठक तक पचास प्रतिशत लाभ जारी कर दिए जाएंगे परंतु इस सरकार के ढाई साल गुजर जाने के बाद भी कोई खास उन्नति नहीं हो सकी है l

 

यूनियन के प्रतिनिधिमंडल भी कई बार मजदूरों की मांगों को लेकर बोर्ड के अध्यक्ष और अन्य संबंधित अधिकारियों से मिल कर मांग पत्र सौंप चुके हैं परंतु मजदूरों की मांगों का कोई हल निकालने के बजाय बोर्ड ने मजदूरों के पैसों का ही दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है l

 

बोर्ड में जमा पैसा मजदूरों के लाभ जारी करने के बजाय गैर जरूरी भवनों, हॉस्टलों, जागरूकता कार्यक्रम और प्रचार प्रसार पर ही खर्च किया जा रहा है जिसका यूनियन कड़ा विरोध करती है l

 

यूनियन मांग करती है कि मजदूरों के चार साल से लंबित लाभ जल्द जारी किए जाएं l
नवीनीकरण के लिए दो बार लेट फीस की शर्त को हटाया जाए l

 

प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त मजदूरों को अर्थिक सहायता प्रदान की जाए l
बोर्ड की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए स्थाई सचिव को नियुक्त किया जाए जो राज्य कार्यालय हमीरपुर से काम करे l

 

बोर्ड की धनराशि की फिजूलखर्ची बंद की जाए l गैर जरूरी भवनों, हॉस्टलों, स्कूल, प्रचार प्रसार जागरूकता शिविरों पर खर्च ना किया जाए l
उपरोक्त मांगों को लेकर यूनियन 22 सितंबर को श्रम कल्याण बोर्ड के राज्य कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी l