



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर की एन.एस.एस. इकाई ने 24 सितम्बर, 2025 को एन.एस.एस. दिवस के उपलक्ष्य में एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। यह कार्यक्रम विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अभिलाष अपने संपूर्ण चिकित्सा दल के साथ उपस्थित हुए। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल ने किया।



उन्होंने स्वयं सबसे पहले रक्तदान करके सभी उपस्थित लोगों को प्रेरणा दी। उनके इस कदम का अनुसरण करते हुए विद्यालय के अध्यापकगण तथा स्वयंसेवी छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान में भाग लिया। शिविर में डॉ. कमलेश कुमार, ब्लड बैंक इंचार्ज के मार्गदर्शन में कुल 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।




यह रक्त भविष्य में ज़रूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा। विद्यालय की प्राचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल तथा अकादमिक प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा ने इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सेवा-भाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जाग्रत करती हैं।
उन्होंने इस आयोजन की सफलता के लिए कार्यक्रम अधिकारियों मन्जू ठाकुर एवं हरीश शर्मा को विशेष बधाई दी। इस आयोजन ने विद्यालय परिवार में सेवा और सहयोग की भावना को और भी प्रगाढ़ किया।

रक्तदान शिविर न केवल एक सामाजिक सरोकार का प्रतीक बना, बल्कि इसने विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया कि छोटी-सी पहल भी किसी की ज़िंदगी बचा सकती है।
















Total Users : 125209
Total views : 189390