सृष्टि महिला समिति द्वारा आपदा प्रभावित परिवारों को की राहत सामग्री वितरित 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- पावर ग्रिड स्थित सृष्टि महिला समिति द्वारा चबूतरा गांव में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।

यह राहत कार्यक्रम समिति की सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रतीक रहा। प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री जैसे – राशन, वस्त्र, स्वच्छता किट, बर्तन एवं दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएँ उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष नीलम अत्री एवं प्रियंका जैन (मुख्य प्रबंधक) सहित पावर ग्रिड हमीरपुर महिला समिति की अन्य महिला सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने न केवल राहत सामग्री वितरित की, बल्कि प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और भविष्य में सहयोग का आश्वासन भी दिया।

चबूतरा गांव के ग्रामीणों एवं आपदा प्रभावित परिवारों ने पावर ग्रिड सृष्टि महिला समिति, हमीरपुर के इस मानवीय प्रयास के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने समिति के इस कार्य को संवेदनशीलता और सहयोग की मिसाल बताया।