



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श विद्यालय लंबलू को CBSE बोर्ड विद्यालय बनाने की सूची से अचानक बाहर कर दिया गया है। हाल ही में जारी चयनित विद्यालयों की नई सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पहले जारी सूची में लंबलू विद्यालय का नाम शामिल था, लेकिन अब उसका नाम बिना किसी स्पष्ट कारण के हटा दिया गया है।
इस निर्णय से स्थानीय लोगों में गहरी नाराज़गी और असंतोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबलू विद्यालय लंबे समय से सभी मानकों पर खरा उतर रहा था और इसे सूची से हटाना क्षेत्र के साथ न्याय नहीं है।
हैरानी की बात यह है कि नई सूची में भोरंज क्षेत्र के दो विद्यालयों को शामिल किया गया है, जिनकी आपसी दूरी मात्र तीन किलोमीटर है। ऐसे में लंबलू विद्यालय को दरकिनार करना शिक्षा विभाग के निर्णय पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विद्यालय क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, जहाँ 8 पंचायतों के लगभग 460 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सूची से इसका नाम हटाना न केवल बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास के प्रयासों को भी झटका है।
जनता ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से मांग की है कि प्रधानमंत्री आदर्श विद्यालय लंबलू को पुनः CBSE बोर्ड की सूची में शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।
विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस निर्णय को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा और रोष का माहौल है और सभी लोग चाहते हैं कि इस पर शीघ्र पुनर्विचार किया जाए
Post Views: 747



















Total Users : 125182
Total views : 189357