हिम अकादमी स्कूल में गाँधी जयंती एवं शास्त्री जयंती का भव्य आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  विकासनगर स्थित हिम अकादमी पब्लिक स्कूल में गाँधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल जी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

कार्यक्रम के दौरान कक्षा पाँचवी के छात्रों ने गाँधी जी के तीन बुद्धिमान बंदरों पर एक सरस नाटिका प्रस्तुत की, जिसने सभी को प्रभावित किया। इसी कड़ी में कक्षा पाँचवी के विद्यार्थियों ने “दे दी हमें आजादी ” देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, वहीं कक्षा सातवीं के छात्रों ने “रघुपति राघव राजा राम” भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

कक्षा चौथी के छात्रों द्वारा ‘स्वच्छ भारत अभियान’ पर प्रस्तुत लघु नाटिका ने सभी को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। कक्षा पाँचवीं की छात्राओं ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन पर प्रकाश डाला।

 

 

कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए गाँधी जी और शास्त्री जी के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला और बच्चों को उनके योगदान से परिचित कराया।

पूरे आयोजन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उनके प्रस्तुतीकरण ने सभी उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और उनके जीवन में सदैव सत्य, अहिंसा एवं अनुशासन के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान की।