



कुल्लू/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के निजी चालक रह चुके शांति स्वरूप ने अपने घर पर ही खुद को पिस्टल से गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार यानी आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि, अचानक घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो उन्होंने 64 वर्षीय शांति स्वरूप को खून से लथपथ हालत में पाया।


परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुल्लू थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शांति स्वरूप वर्ष 2020 में सचिवालय से सेवानिवृत्त हुए थे।



शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से पिस्टल को बरामद कर लिया है और सभी आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि आत्महत्या के पीछे की वजहों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि, शांति स्वरूप काफी समय से रायसन के विहाल क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।

पड़ोसियों का कहना है कि, वे शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे, और इस तरह का कदम उठाना उनके स्वभाव से बिल्कुल परे लगता है।
वहीं, कुछ सूत्रों ने बताया कि वह बीते कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, लेकिन इसकी पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
कुल्लू पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, मामले की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या थे।
इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को जब इसकी सूचना मिली, तो उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
















Total Users : 125211
Total views : 189393