वैश्विक प्रतियोगिताओं में पदक जीत हिमाचल का मान बढ़ा रहे हमारे खिलाड़ी: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- पूर्व केंद्रीय मंत्री हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद व हिमाचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल के खिलाड़ियों द्वारा लगातार अच्छा प्रदर्शन कर अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर उनकी सराहना की है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में पिछले 11 वर्षों में खेल के क्षेत्र में बड़े सुधार हुए हैं।

देवभूमि हिमाचल भी इस से अछूता नहीं है और हमारे खिलाड़ी लगातार वैश्विक मंचों पर अपनी प्रतिभा से धूम मचा रहे हैं और पदक जीतकर भारत व हिमाचल को गौरवान्वित कर रहे हैं।

 

 

झारखंड में चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में हमारे हिमाचल प्रदेश के एथलीट्स ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत देवभूमि का नाम रोशन कर दिया है।

 

 

मेरे संसदीय क्षेत्र के हमीरपुर की बेटी मनीषा कुमारी ने रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 4×400 मीटर रिले में गोल्ड मेडल व नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले संदीप सिंह ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर देवभूमि के साथ-साथ देश भारत का भी मान बढ़ाया है।

 

आपकी उपलब्धियों पर पूरे हिमाचल वासियों को गर्व है। मैं आपके सुखद, सफल व उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हाल ही में बहरीन में चल रही यूथ एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम चैंपियन बनी और स्वर्ण पदक को अपने नाम किया। स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बिलासपुर की बेटी प्रीति ठाकुर भी प्रमुख रूप शामिल रही।

 

 

उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि हिमाचल में खेलों का भविष्य स्वर्णिम है। मैं प्रीति ठाकुर को भी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देता हूँ।