डॉ.पुष्पेंद्र वर्मा ने मध्य बाजार क्षेत्र में वर्षों पुरानी समस्या का किया समाधान

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने आज मध्य बाजार के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों, विद्यालय प्राचार्य एवं खेल विशेषज्ञों के साथ मिलकर स्कूल ग्राउंड से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया।

 

कई वर्षों से स्कूल ग्राउंड का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते ऊपरी गेट (जो बस स्टैंड को बाजार से जोड़ता है) को सुरक्षा कारणों से बंद रखा गया था ताकि ग्राउंड को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। इससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को आने-जाने में असुविधा हो रही थी।

 

आज डॉ. वर्मा स्वयं स्थल पर पहुंचे और सभी पक्षों के साथ बैठक कर एक व्यवहारिक समाधान निकाला। उन्होंने अपनी ओर से 200 फुट लंबा सुरक्षा नेट लगवाया, जिससे ग्राउंड की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आम नागरिक फुटपाथ का प्रयोग करते हुए सुरक्षित रूप से आ-जा सकें।

 

इस अवसर पर डॉ. वर्मा ने कहा कि — “यह ग्राउंड माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ‘सुखु’ जी की देन है। लगभग ₹65 लाख की लागत से इस खेल मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप दिया गया है।

इसकी सुंदरता और उपयोगिता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नागरिकों से मेरा आग्रह है कि वे केवल फुटपाथ का ही प्रयोग करें ताकि ग्राउंड को कोई नुकसान न पहुंचे।”

 

 

स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का हार्दिक धन्यवाद किया और उनके इस सकारात्मक पहल को क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत बताया।