



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- डीएवी हमीरपुर में वार्षिक उत्सव ग्रैंडपेरेंट्स डे के तौर पर मनाया गया जिसमें पदम श्री करतार सिंह सोंखले बतौर मुख्य अतिथि व एएसपी विजिलेंस रेणू शर्मा विशेष अतिथि उपस्थिति रहे। मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के स्कूल पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

रंगारंग कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पदम श्री करतार सिंह सोंखले तथा एएसपी रेनू शर्मा को शाॅल टोपी देकर सम्मानित किया गया।



नर्सरी से पांचवी तक के वार्षिक उत्सव में नन्हे बच्चों ने अपनी मनमोहन प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।




इस अवसर पर छात्रों को पिछले सत्र की शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार वितरित किए गए। स्कूल के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम में आए उपस्थित अतिथियों तथा सभी अभिभावकों का स्वागत किया व अपने संबोधन में कहा कि डीएवी स्कूल ने दादा – दादी तथा नाना – नानी को सम्मानित करने का एक छोटा सा प्रयास किया है।

उन्होंने सभी दादा-दादी, नाना- नानी से आग्रह किया कि वह अपनी अगली पीढ़ी के साथ अधिक से अधिक समय बिताए ताकि उनकी पीढ़ी के संस्कार भी वह अपने बच्चों को दे पाएं। उन्होंने कहा कि आज के समय में अभिभावकों के पास भी अधिक समय नहीं है परंतु फिर भी अभिभावक तथा ग्रैंडपेरेंट्स बच्चों के लिए समय अवश्य निकालें।


मुख्य अतिथि पदम करतार सिंह सोंखले ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी तथा नाना नानी के पास ज्ञान का अथाह संसार होता है।

अतः वह इस ज्ञान को अपने पोता पोतियों को अवश्य दें। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी मोबाइल तथा कंप्यूटर में अधिक लिप्त है और वह स्किल में पीछे होती जा रही है।

मुख्य अतिथि ने अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की रुचि को पहचाने क्योंकि रुचिकर कार्य करना सरल होते हैं साथ ही आगे चलकर हाॅबी आपकी आजीविका का भी अच्छा साधन बन सकती है।

इस अवसर पर नर्सरी के छात्रों ने आओ जी आयां नूं तथा वेलकम डांस फॉर ग्रैंडपेरेंट्स प्रस्तुत किया, तो एलकेजी के छात्रों ने ओल्ड सॉन्ग वर्सेस न्यू सोंग्स तथा जुंबा डांस कर सबका मन मोह लिया। यूकेजी के छात्रों ने ग्रैंडपा डार्लिंग ग्रैंड मा डार्लिंग तथा रेट्रो डांस से सभी की तालियां बटोरी।


पहली कक्षा के छात्रों ने गिद्दा और भांगड़ा प्रस्तुत किया, वहीं दूसरी कक्षा के छात्रों ने अपना हर दिन ऐसे जियो पर नृत्य तथा एक चिड़िया अनेक चिड़िया पर अपनी प्रस्तुतियाँ दी। तीसरी कक्षा के छात्रों ने राजस्थानी नृत्य और लेट्स गो टू स्कूल तथा कोई कहे कहता रहे गानों पर अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां दी।

चौथी कक्षा के छात्रों ने मूंछों वाले दादा नाना, शुभ दिन आयो रे तथा कोली डांस प्रस्तुत कर सब की वाह वाही लूटी वहीं पांचवी के छात्रों ने हम सब भारतीय हैं।

उत्तराखंडी डांस तथा कृष्ण लीला प्रस्तुत की। डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर ने अभिभावकों दादा दादी और नाना नानी और डीएवी स्टाफ को कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बधाई दी।















Total Users : 115621
Total views : 174574