स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) सुन्नी का 12वाँ इकाई सम्मेलन सफलतापूर्वक हुआ सम्पन्न

सुन्नी/शिमला :-  स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) यूनिट सुन्नी का 12वाँ इकाई सम्मेलन आज उत्साहपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्घाटन SFI शिमला जिला अध्यक्ष विवेक नेहरा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके पश्चात् पिछले वर्ष के संगठनात्मक रिपोर्ट और वित्तीय रिपोर्ट को प्रस्तुत किया गया, जिसे सभा द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सम्मेलन में शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण, बेरोजगारी, सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, छात्रवृत्ति में अनियमितता, और छात्र आवाज़ों के दमन जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।

प्रतिनिधियों ने एक स्वर में यह निर्णय लिया कि SFI आने वाले समय में छात्रों की समस्याओं को लेकर सशक्त आंदोलन छेड़ेगी और शिक्षा के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष को तेज करेगी।

 

नई कार्यकारिणी का गठन:
सम्मेलन के समापन सत्र में सर्वसम्मति से नई 15 सदस्यीय यूनिट कार्यकारिणी का गठन किया गया और 5 सदस्यीय सचिवालय का चुनाव किया गया।
इस कार्यकारिणी में —
दीक्षित को यूनिट अध्यक्ष (President)
सुमित को यूनिट सचिव (Secretary) के रूप में चुना गया।
इसके अलावा अन्य सदस्यों को विभिन्न दायित्वों की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई टीम ने संगठन को मज़बूत करने, नए छात्रों को जोड़ने और परिसर में छात्र हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
नव-निर्वाचित यूनिट अध्यक्ष दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा —
“SFI हमेशा छात्रों की आवाज़ को बुलंद करने और शिक्षा को सभी के लिए समान बनाने के संघर्ष में अग्रणी रही है। इसी के साथ आने वाले समय में इस विभाग के सभी खाली पड़े पदों को भरने के लिए आंदोलन तैयार करेंगे।”
वहीं यूनिट सचिव सुमित ने कहा —
“हमारा लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों को लेकर आंदोलनशील रहना है। साथ ही साथ छात्रों को जागरूक करें का काम करेंगे। आज छात्रों पर बढ़ रहे हमलों के खिलाफ एकजुट होंगे।” सम्मेलन का समापन “इंकलाब ज़िंदाबाद” और “छात्र एकता ज़िंदाबाद” के नारों के साथ हुआ।