



शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के विशाल खेल मैदान में आजादी की महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की विशेष गतिविधि खेलो भारत द्वारा रस्साकसी प्रतियोगिता का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की टीमों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खेलो भारत गतिविधि के प्रांत सह-प्रमुख श्री रमन शर्मा जी उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि टीम वर्क, नेतृत्व, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस और देशभक्ति से प्रेरणा लेते हुए युवाओं से जीवन में संघर्षों का डटकर सामना करने का आह्वान किया।



प्रतियोगिता में कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बीचहिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं योग विभाग की टीम ने शानदार खेल भावना और मजबूती का परिचय देते हुए उप-विजेता स्थान प्राप्त किया।




मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर एबीवीपी के कई कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएँ तथा विश्वविद्यालय के खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की खेलो भारत गतिविधि लगातार विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में खेल एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रही है। रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान वीरांगना के बलिदान और वीरता को समर्पित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को ऊर्जा, प्रेरणा और सकारात्मकता से भरने का एक सफल प्रयास रही।
















Total Users : 115591
Total views : 174524