सिंगापुर से शिक्षा भ्रमण कर लौटे शिक्षकों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-   हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ के जिला प्रधान विकेश कौशल ने सिंगापुर से शिक्षा भ्रमण कर लौटे सभी शिक्षकों की ओर से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि लगभग 100 से अधिक शिक्षक शिक्षा भ्रमण के लिए विदेश दौरे पर गए थे ।यह शिक्षक उत्साहित एवं बहुत कुछ सीख कर ही भारत लौटे हैं तथा जो कुछ सीख कर आए हैं उसे अपने व्यक्तित्व तथा बच्चों में भरने की पूरी कोशिश करेंगे।

 

 

विकेश कौशल ने बताया कि सिंगापुर बिल्कुल साफ सुथरा छोटा सा देश है तथा लॉ एंड ऑर्डर्स पर चलता है। कड़े कानून होने के कारण यहां के लोग हमेशा कानून का पालन करते हैं इसलिए यहां भ्रष्टाचार शून्य के बराबर है। इस देश में महिलाएं सबसे अधिक सुरक्षित है।

 

हर जगह हिडन कैमरा लगे हुए हैं। शिक्षा की बात करें तो यह देश दूसरे स्थान पर है और हो भी क्यों ना – यहां के स्कूलों में ग्रुप टास्क, ग्रुप डिस्कशन व लर्निंग बाय डूइंग पर ज्यादा जोर दिया जाता है। यहां के स्कूल आधुनिक तकनीक से लैस हैं

 

तथा पढ़ने का खुला माहौल है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक सरकार को आश्वस्त करते हैं कि वे इन बातों को अपने स्कूल की कक्षाओं में बच्चों के अंदर भी भरने की कोशिश करेंगे।

सभी शिक्षकों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू , शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा सरकार का तहे दिल से आभार जताया है जिन्होंने शिक्षकों को विदेश जाने का मौका प्रदान किया। ये शिक्षक मुख्यमंत्री व सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर शिक्षा के स्तर को बुलंदियों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।