सहकारिता विकास संघ चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की शानदार जीत

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- जिला हमीरपुर सहकारिता विकास संघ के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने एक बार फिर अपना दबदबा स्थापित करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। कुल 7 निदेशक पदों में से 5 पर भाजपा का कब्ज़ा हुआ है।

 

भाजपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के योगदान का किया उल्लेख

 

इनमें से 2 निदेशक पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे, जबकि शेष 5 पदों पर हुए चुनावों में भाजपा समर्थित 3 प्रत्याशियों ने विजय प्राप्त कर संगठन की मजबूती और जनसमर्थन को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है।

भाजपा की इस महत्वपूर्ण जीत से पूरे जिला भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल है। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, बड़सर के विधायक इंदरदत्त लखनपाल, जिला महामंत्री अजय रिंटू तथा राजेश सेहगल, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा सहित जिला भाजपा के पदाधिकारियों ने सभी नव-निर्वाचित निदेशकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

 

भाजपा नेताओं ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मज़बूती प्रदान करने, सहकारी संस्थाओं के ढांचे को सुदृढ़ करने तथा किसानों, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समर्थ बनाने में प्रो. प्रेम कुमार धूमल का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

 

 

उनके नेतृत्व में सहकारिता विकास संघ का विस्तार हुआ, संस्थाओं को आधुनिक सुविधाएँ मिलीं और पारदर्शिता व जवाबदेही की नई परंपराएँ स्थापित हुईं। आज सहकारिता आंदोलन की यह सफलता उन्हीं की दूरदर्शी नीतियों एवं आधारभूत सुधारों की देन है।

 

पार्टी को श्रेय देते हुए नेताओं ने कहा कि यह जीत भाजपा की नीतियों, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव-निर्वाचित निदेशक सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास की गति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

 

भाजपा पदाधिकारियों ने सभी मतदाताओं और समर्थकों का धन्यवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि पार्टी सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।