



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली धर्मपुर विधानसभा के संधोल में स्थित केंद्रीय विद्यालय का पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने निरीक्षण किया।
शैक्षिक गुणवत्ता एवं विकास कार्यों का लिया विस्तृत जायज़ा: अनुराग ठाकुर

विद्यालय पहुँचने पर शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अनुराग ठाकुर ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल परिसर तथा पुस्तकालय का निरीक्षण किया और विद्यालय प्रशासन से शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा नई शिक्षण पद्धतियों के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की।
इस मौके पर उनके साथ हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे नरेंद्र अत्री, भाजपा कार्य समिति सदस्य एवं प्रत्याशी रहे रजत ठाकुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, जिला महामंत्री अजय रिंटू समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इन सभी ने भी विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायज़ा लिया और शिक्षकों एवं छात्रों से संवाद स्थापित किया।
अनुराग ठाकुर ने छात्रों के साथ बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, कैरियर लक्ष्यों और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय की आवश्यकताओं, अधोसंरचना संबंधी मांगों और अन्य सुधारात्मक सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि केंद्रीय विद्यालय संधोल को क्षेत्र का एक उत्कृष्ट और आदर्श शिक्षण संस्थान बनाया जा सके।
Post Views: 141



















Total Users : 122736
Total views : 185601