अंतरराष्ट्रीय ठग रविंद्र नाथ सोनी गिरफ्तार

दिल्ली :- दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ठग रविंद्र नाथ सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अमेरिका, दुबई, जापान, मलेशिया और भारत में लगभग 970 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। इसके अलावा उसने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और रेसलर द ग्रेट खली को भी अपने जाल में फंसाया और उनसे करोड़ों रुपये हड़प लिए।

गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के मालवीय नगर का निवासी है। उसे कानपुर में 42.29 लाख रुपये की ठगी के मामले में देहरादून से पकड़ा गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनी ने हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेशी देशों से धन भारत में मंगवाया। अमेरिका में उसकी वित्तीय गतिविधियों का संचालन एक महिला कर रही थी।

 

सोनी ने निवेशकों को हर महीने चार से पांच प्रतिशत ब्याज का वादा किया और ब्लू-चिप कंपनी की 11 सिस्टर कंपनियों के माध्यम से करोड़ों रुपये जमा कराए। वह गारंटी के रूप में चेक देता था और शुरुआत में ब्याज भी चुका देता था, जिससे निवेशक भरोसा करते रहे। बाद में उसने बड़े पैमाने पर पैसा हड़प लिया।

दुबई से आए पीड़ित कलाकार ने बताया कि रविंद्र ने सोनू सूद और द ग्रेट खली को अपनी कंपनी का ब्रांड एंबेसडर बनाकर कार्यक्रम आयोजित किए और उनका निवेश हड़प लिया। पुलिस ने अब तक कम से कम 70 लाख से 12 करोड़ रुपये तक की ठगी की पुष्टि की है।