



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की बालोह पंचायत की सरपंच लता देवी ने महिला सशक्तिकरण की एक चमकदार मिसाल कायम की है। वे राज्य की इकलौती महिला बनीं, जिन्हें भारत सरकार के प्रतिष्ठित ‘फ्लैग इनिशिएटिव्स प्रोग्राम’ में स्थान मिला।

क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) और सरपंच संवाद द्वारा नई दिल्ली के विश्व युवा केंद्र में आयोजित इस चार दिवसीय आवासीय कार्यक्रम में देशभर से आए 1000 आवेदनों में से मात्र 46 प्रतिभाशाली महिलाओं का चयन हुआ।



कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को गति शक्ति म्यूजियम की यात्रा कराई गई, जो अत्यंत प्रेरणादायक रही। इसके अलावा संसद भवन और क्यूसीआई कार्यालय के दौरे ने सभी को विकास और प्रशासन की गहन समझ प्रदान की।




कार्यक्रम का पवित्र उद्देश्य ‘स्वच्छ भारत’ और ‘विकसित आत्मनिर्भर भारत 2047’ की दिशा में महिलाओं को मजबूत नेतृत्व प्रदान करना था, साथ ही उन्हें पंचायत से संसद तक का प्रेरणादायक सफर दिखाना।
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की गरिमामयी उपस्थिति और स्वच्छ भारत मिशन के वरिष्ठ सचिवों के प्रेरक व्याख्यानों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।

लता देवी ने हिमाचल प्रदेश का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करते हुए पर्वतीय क्षेत्रों की चुनौतियों पर बेबाकी से अपनी आवाज उठाई।
यह उपलब्धि न केवल लता देवी की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण भारत की महिलाओं के लिए एक नई उम्मीद की किरण बनकर उभरी है। हिमाचल की हर महिला के लिए यह गर्व का क्षण है, जो साबित करता है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है!
















Total Users : 127130
Total views : 192325