राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पिलाई जा रही पोलियो की खुराक: डाॅ. सुरेंद्र सिंह डोगरा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-  राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अंतर्गत राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2025 के तहत 21 से 23 दिसंबर तक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने किया बूथों का निरीक्षण, दुर्गम व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस

अभियान के दौरान विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बूथों और दुर्गम क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

अभियान के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने विभिन्न पोलियो बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और टीकाकरण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

वहीं, आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले पोलियो बूथों का पर्यवेक्षण करते हुए डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने स्वयं बच्चों को पोलियो की मौखिक खुराक पिलाई।

इस अवसर पर कार्यक्रम से जुड़े ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीमें, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य सहयोगी कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी टीम ने सभी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की स्वस्थ पहचान उसके स्वस्थ बच्चों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि भारत तभी स्वस्थ और सशक्त बन सकता है, जब हमारे बच्चे स्वस्थ होंगे। उन्होंने सभी से “स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।