



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने विश्राम गृह बिझड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश में चिट्टे के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
विधायक लखनपाल ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर राजनीतिक दबाव में चुनिंदा व्यक्तियों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से राजनीतिक ठेस पहुँचाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि यही रवैया रहा तो वे हमीरपुर पुलिस प्रमुख को कटघरे में खड़ा करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में स्थिति यह बन गई है कि नशे के व्यापारियों की सूचना देने वाले लोगों पर ही पुलिस द्वारा मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
विधायक लखनपाल ने कहा कि जब उनके एक रिश्तेदार से 1.7 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, तो एसपी हमीरपुर द्वारा इस मामले को बढ़ा-चढ़ाकर मीडिया में प्रस्तुत किया गया, जिससे उनकी राजनीतिक छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि कल हमीरपुर के अमरोह क्षेत्र में 6.83 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया, लेकिन इस मामले में न तो कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई और न ही उतनी ही प्रमुखता से जानकारी सार्वजनिक की गई।
उन्होंने तीखे स्वर में पूछा—
“क्या वह व्यक्ति एसपी हमीरपुर का रिश्तेदार है या किसी प्रभावशाली राजनेता का?”
विधायक ने कहा कि यदि पारदर्शिता है तो सभी मामलों में एक समान प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए और नाम भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
लखनपाल ने स्पष्ट किया कि चिट्टे के खिलाफ बनाया गया कानून प्रदेश सरकार का सराहनीय कदम है, लेकिन इसे ईमानदारी, निष्पक्षता और पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाना चाहिए, न कि किसी के दबाव में आकर।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस वेबसाइट पर “भाजपा के रिश्तेदार के साथ चिट्टा पकड़ा गया” जैसी कटिंग डालकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है, जो पूरी तरह से राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
अंत में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने दो टूक कहा कि
“मैं नशे के खिलाफ हूँ, लेकिन चयनात्मक कार्रवाई और राजनीतिक दबाव में की जा रही कार्यप्रणाली को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हमीरपुर पुलिस प्रमुख को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।”
Post Views: 157



















Total Users : 125222
Total views : 189407