



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में दिनांक 24 दिसंबर 2025 को शहीदी सप्ताह के अंतर्गत शहीद दिवस श्रद्धा, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तथा उनके चार साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—के अद्वितीय बलिदान को भावपूर्ण नमन किया गया।



कार्यक्रम की शुरुआत सुबह की प्रार्थना सभा में की गई, जहाँ कक्षा चौथी के विद्यार्थियों द्वारा शहीदी सप्ताह से संबंधित लघु नाटक, कविता वाचन एवं प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए गए।




इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु गोबिंद सिंह जी और साहिबजादों के साहस, त्याग और धर्म के प्रति अटूट निष्ठा का जीवंत चित्रण किया, जिससे उपस्थित सभी विद्यार्थियों में देशभक्ति और श्रद्धा की भावना जागृत हुई।

इसके पश्चात विद्यालय में कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए गुरु गोबिंद सिंह जी एवं साहिबजादों के जीवन, शौर्य और बलिदान पर आधारित एक प्रेरणादायक वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को धर्म, कर्तव्य, सत्य और बलिदान जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा मिली।


शहीदी सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा इस विषय से संबंधित आर्ट गतिविधियाँ भी करवाई गईं, जिनमें बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से अपने भाव व्यक्त किए। इस संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन पूजा ठाकुर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन और उनके महान योगदान पर अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना एवं शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सराहनीय आयोजन की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया, ताकि महान शहीदों के बलिदान की स्मृति सदैव जीवित बनी रहे।
















Total Users : 125072
Total views : 189155