


हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद, केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा चुनाव 2024 के भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को नादौन क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वप्रथम लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करता हूं।

2014 एवं 2019 को 2024 में भी दोहराएंगे : अनुराग ठाकुर



लगातार पांचवीं बार भाजपा के टिकट पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की दावेदारी करने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि 2014 एवं 2019 की तरह 2024 में भी मोदी सरकार इतिहास दोहराने जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मोदी जी ने जिस प्रकार देश का मान सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है और साथ ही चहुंमुखी विकास देश का हुआ है, इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश को तो नरेंद्र मोदी जी अपना दूसरा घर मानते हैं, तो निश्चित तौर पर ही हिमाचल की जनता भी चुनाव का इंतजार कर रही है।



देश ने पहले से सुरक्षित स्वयं को मोदी काल में देखा है। दुनिया की उम्मीदें आज भारत और भारत के नेतृत्व पर टिकी हैं। भारत का नेतृत्व मजबूत होगा तो दुनिया का नेतृत्व भी मजबूत होगा। मोदी जी ने दुनिया के लोकप्रिय नेता के रूप में लगातार अपना वर्चस्व कायम किया है
जिसमें उन्होंने 78 प्रतिशत वोट लेकर एक उपलब्धि प्राप्त की है। अनुराग जी ने कहा कि मोदी सरकार ने सेना की मजबूती से लेकर आम युवा भविष्य निर्माण को लेकर जो कार्य किए हैं वह जगजाहिर हैं एवं आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की सरकार रिपीट होना तय है।


गैस सिलेंडर सुविधा में भी महिलाओं को लाभान्वित किया गया है, जिसमें उज्ज्वला योजना का करोड़ों महिलाओं ने लाभ प्राप्त किया है। वहीं अब तो गैस के कीमतों में भी कमी आई है। इस अवसर पर सीएए के बारे में अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकसभा एवं राज्यसभा दोनों से इस विधेयक को पारित किया गया है और लागू किया गया है।
इससे किसी की नागरिकता नहीं जा रही है, बल्कि यह नागरिकता देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश अफगानिस्तान देशों में जो अल्पसंख्यक हिंदू, सिख, इसाई, बौध, जैन, फारसी प्रताड़ना से पीड़ित हैं तो वह भारत की नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं। मोदी जी ने इन पीड़ित लोगों को नागरिकता देने का कार्य किया है
जिसे लेकर केजरीवाल, ममता व राहुल गांधी जैसे नेता अपनी राजनीति चमकाने हेतु प्रदर्शन कर रहे हैं जोकि निंदनीय है। देश को गुमराह करने की स्थिति पैदा कर रहे हैं लेकिन मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास के ध्येय के साथ कार्य कर रही है। विपक्षी पार्टियां अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए इसका विरोध कर रही हैं। इससे किसी का रोजगार नहीं जा रहा, बल्कि यह प्रताड़ित समाज के लोगों को लाभान्वित करने वाला कानून है।
मोदी सरकार ने तीन तलाक सहित राम मंदिर का निर्माण करवा कर ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और अब जबकि सीएए का निर्णय लिया गया है तो इसकी भी विश्व स्तर पर काफी सराहना हो रही है। जो 70 साल तक कांग्रेस नहीं दे पाई थी वह भाजपा ने इन 10 सालों में दिया है। नेहरू के समय में भी धर्म के आधार पर विभाजन हुआ था, जो किसी देश में उस समय रह गया था उसे प्रताड़ित किया गया जिसे लेकर भारत को अब यह कानून बनाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को मोदी का विरोध करने के बजाय अपनी पार्टी को आगे ले जाने के बारे में ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि जनता “नमो हैट्रिक” के लिए तैयार बैठी है।


