राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज खो-खो प्रतियोगिता का समापन: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-   गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज हमीरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज खो-खो प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता 22 दिसंबर से 24 दिसंबर तक चली, जिसमें प्रदेश के 8 महाविद्यालयों की खो-खो टीमों ने भाग लिया और उत्कृष्ट खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
डिग्री कॉलेज हमीरपुर लगातार तीसरी बार बना चैंपियन
प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा रहे। फाइनल मुकाबला गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज हमीरपुर और कोटशेरा कॉलेज शिमला की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें हमीरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और लगातार तीसरे वर्ष प्रदेश की चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि के कॉलेज पहुंचने पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी एवं सचिव मंजुला शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए, जिससे वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की यह स्पष्ट मंशा है कि हिमाचल का युवा नशे से दूर रहे और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाए।
इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा खेल कोटा के अंतर्गत नौकरी में शामिल खेलों की सूची का विस्तार किया गया है, ताकि युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
डॉ. वर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जन आंदोलन से जुड़ें और चिट्टा तस्करों को पकड़वाने में सरकार की मदद करें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सूचना देने वालों को 10 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जा रहा है।
 उन्होंने कहा कि आज का युवा पढ़ा-लिखा और सजग है, फिर भी नशे और नशा तस्करों से सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि कई बार व्यक्ति को पता भी नहीं चलता और वह नशे की दलदल में फंस जाता है।
समारोह में विशेष रूप से पुर्व शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवदास शहंशाह, पूर्व महासचिव तेजनाथ तेज, पूर्व महासचिव रत्न चंद डोगरा, पूर्व प्रधान राकेश शर्मा, स्वतंत्रता सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया, कंज्यूमर फोरम हमीरपुर के महासचिव मनोहर लाल, पार्षद डॉ. हर्ष कालिया, पूर्व पार्षद अनिल चौधरी, पंचायत प्रधान अजय पटियाल, होशियार सिंह ठाकुर, कुलदीप कुमार, कर्तार चंद, यूथ कांग्रेस जिला महासचिव रोहित डरोच, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिवस ठाकुर, उपाध्यक्ष रजत राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।