



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल और भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों में नव-नियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दायित्वों के माध्यम से पार्टी की नीतियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
धूमल ने पीएनडीए के तहत आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार की ₹601.92 करोड़ की सहायता को बताया हिमाचल के लिए संजीवनी



पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ में सुमन बन्याल को प्रदेश सह-संयोजक तथा सतीश गौतम को हमीरपुर जिला का संयोजक नियुक्त किया गया है। व्यापार प्रकोष्ठ में सुनील कुमार सोनी को जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षक प्रकोष्ठ में यशवीर सिंह जम्वाल को जिला संयोजक और राजेश कंवर को सह-संयोजक बनाया गया है।



पंचायती राज प्रकोष्ठ में सुभाष ठाकुर जिला संयोजक तथा डॉ. दलजीत राणा सह-संयोजक होंगे। वहीं भाजपा शहरी निकाय प्रकोष्ठ में जोगिंदर बल्ला को जिला संयोजक और विनय कुमार सोनी को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन ने जिन अपेक्षाओं और विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से कार्य करते हुए पार्टी को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा, संगठन विस्तार और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सभी प्रकोष्ठ सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अपने संदेश में कहा कि यह सभी नियुक्तियां संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पार्टी की नीतियों को धरातल तक पहुंचाएंगे और संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने केंद्र सरकार द्वारा आपदा से राहत के लिए पीएनडीए (PNDA) के तहत हिमाचल प्रदेश को ₹601.92 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सहयोग प्रदेश के विकास कार्यों, आधारभूत संरचना को सशक्त करने तथा आम जनजीवन को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि आपदा राहत के लिए अब तक केंद्र सरकार द्वारा लगभग ₹6000 करोड़ रुपये हिमाचल प्रदेश को प्रदान किए जा चुके हैं।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ हर कठिन समय में मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि इस राहत राशि का उपयोग आपदा प्रभावित परिवारों और क्षेत्रों की बेहतरी के लिए पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि जरूरतमंदों तक इसका वास्तविक लाभ पहुंच सके।















Total Users : 125172
Total views : 189347