



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- जिला पर्यटन प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शेर सिंह एवं सह-संयोजक मल्कियत पठानिया ने अपने साथियों सहित पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट की। इस दौरान संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं और उसके सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक पर्वतीय राज्य होने के कारण पर्यटन इसकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थल, साहसिक पर्यटन और ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से प्रदेश में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित किए जा सकते हैं।


उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रकोष्ठ का दायित्व है कि वह प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए संगठित प्रयास करे। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और गांवों की आर्थिकी मजबूत होगी।



प्रो. धूमल ने जिला पर्यटन प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश के पर्यटन विकास में सकारात्मक योगदान देंगे।
इस अवसर पर शेर सिंह एवं मल्कियत पठानिया ने प्रो. प्रेम कुमार धूमल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और अनुभव से पर्यटन प्रकोष्ठ को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे उनके सुझावों को आत्मसात कर संगठन और प्रदेश हित में निरंतर कार्य करेंगे।

















Total Users : 127129
Total views : 192322