



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हमीरपुर इकाई द्वारा आज महाविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही छात्र समस्याओं को लेकर प्रधानाचार्य जी का घेराव किया गया। इस दौरान परिषद ने छात्रहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा।
एबीवीपी हमीरपुर इकाई अध्यक्ष दीक्षित ने बताया कि महाविद्यालय में लंबे समय से कई प्राध्यापकों के पद रिक्त पड़े हुए हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। परिषद ने मांग की कि इन रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।


इसके साथ ही परिषद ने महाविद्यालय परिसर में शौचालयों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग उठाई। विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



कक्षाओं में टूटे-फूटे बेंच, कुर्सियों एवं डेस्क के कारण विद्यार्थियों को अध्ययन में असुविधा हो रही है। एबीवीपी ने मांग की कि पुराने व क्षतिग्रस्त फर्नीचर को हटाकर उसके स्थान पर नया, मजबूत और सुरक्षित फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए।
परिषद ने महाविद्यालय परिसर एवं उसके आसपास नशे की सामग्री की बढ़ती बिक्री पर भी कड़ा विरोध जताया और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा निरंतर निगरानी की मांग की, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एबीवीपी हमीरपुर इकाई ने महाविद्यालय में दो अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की भी मांग रखी, जिससे परिसर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।
घेराव के दौरान प्रधानाचार्य जी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एबीवीपी हमीरपुर इकाई अध्यक्ष दीक्षित ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहेगी और यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो परिषद आगे और भी निर्णायक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी।
















Total Users : 125192
Total views : 189367