हिम अकादमी के खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उड़ान, 42 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर खेल उपलब्धियों की दृष्टि से वर्ष 2025 अत्यंत गौरवपूर्ण सिद्ध हुआ। विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

इस वर्ष विद्यालय के कुल 42 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हुआ, जो विद्यालय की सुदृढ़ खेल संस्कृति और अनुशासित प्रशिक्षण प्रणाली का प्रमाण है।

 

 

एथलेटिक्स (ओपन) वर्ग में विद्यालय ने 51 पदक जीतकर जिला ओपन एथलेटिक्स ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की, जिसमें प्रज्ञा और दक्षिता ने राष्ट्रीय स्तर के लिए स्थान सुनिश्चित किया।

 

 

बैडमिंटन अंडर-19 बालिका वर्ग में कुदरत और रुपायन के शानदार प्रदर्शन से टीम ने जिला विजेता का खिताब प्राप्त किया। शतरंज (ओपन) वर्ग में 12 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय अंडर-14 चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। वुशु (ओपन) में निकिता, अहाना और सोमांश, योगा (ओपन) में पाँच विद्यार्थी, टी-10 टेनिस बॉल क्रिकेट में कक्षा ग्यारहवीं की भव्या, फेंसिंग में 15 खिलाड़ियों का सीनियर स्टेट के लिए चयन तथा अवंतिका (कक्षा ग्यारहवीं) का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन विशेष उपलब्धियाँ रहीं।

 

 

इसके अतिरिक्त एथलेटिक्स, फुटबॉल, कुश्ती, बॉक्सिंग, योगा, ताइक्वांडो, कराटे, टेबल टेनिस और शतरंज में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने जिला व राज्य स्तर पर ओवरऑल विजेता एवं उपविजेता बनकर अनेक स्वर्ण एवं रजत पदक अर्जित किए, वहीं कई खिलाड़ियों ने SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया।

 

 

कुल मिलाकर 410 जिला स्तरीय, 121 राज्य स्तरीय प्रतिभागियों और 42 से अधिक राष्ट्रीय चयन के साथ हिम अकादमी पब्लिक स्कूल ने खेलों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट और सुदृढ़ पहचान स्थापित की है।

 

 

खिलाड़ियों की यह उल्लेखनीय उपलब्धि हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर की गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुभवी प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन तथा खेलों के प्रति समर्पित और अनुशासित वातावरण का सशक्त परिणाम है।

 

 

विद्यालय प्रबंधन, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस ऐतिहासिक सफलता पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।