



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज जारी एक बयान में कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहेगी।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस संकल्प की सिद्धि में युवाओं का योगदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति उम्र से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से बड़ा बनता है।


उन्होंने कहा कि भारत का आज का युवा भाग्यशाली है, क्योंकि आज की व्यवस्था उनके सपनों के साथ मजबूती से खड़ी है। पहले का माहौल निराशा से भरा हुआ था, लेकिन आज ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे मिशन हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नेतृत्व करने वाला बनाना है।



अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शॉर्ट-टर्म लोकप्रियता के पीछे भागने के बजाय ठोस और दीर्घकालिक लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें। आज दुनिया की भारत से अपेक्षाएं काफी बढ़ गई हैं और इन उम्मीदों को पूरा करने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है।
उन्होंने कहा कि आज का भारत अपनी पुरानी गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि आज की Gen Z और Gen Alpha ही भारत को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य तक पहुंचाने वाली पीढ़ी है। देश को युवाओं की योग्यता, आत्मविश्वास और सोच पर पूरा भरोसा है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं और इस ऐतिहासिक यात्रा के असली सारथी आज के युवा ही होंगे।
















Total Users : 125192
Total views : 189367