हिम अकादमी स्कूल में दो दिवसीय अभिभावक–अध्यापक मंत्रणा का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में बाल वाटिका से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 30 एवं 31 दिसंबर को दो दिवसीय अभिभावक–अध्यापक मंत्रणा (PTM) का सफल आयोजन किया गया।

इस मंत्रणा का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति से अवगत कराना था। मंत्रणा के दौरान अध्यापकों ने अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यवहार एवं शैक्षिक विकास पर विस्तृत चर्चा की।

कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के हाल ही में आयोजित पीरियॉडिक टेस्ट-2 के प्रदर्शन पर भी अभिभावकों के साथ सार्थक चर्चा की गई तथा उनके शैक्षिक स्तर एवं सुधार के आवश्यक बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

साथ ही कक्षा 9वीं एवं 10वीं की तृतीय सत्र (थर्ड टर्म) परीक्षाओं के परिणामों के संबंध में अभिभावकों से विशेष चर्चा की गई, जिसमें विद्यार्थियों के प्रदर्शन, उपलब्धियों तथा सुधार के बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की वर्तमान शैक्षिक स्थिति, आगामी परीक्षाओं की तैयारी तथा अध्ययन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी अभिभावकों के साथ साझा किए गए। साथ ही यह भी बताया गया कि नवीन शिक्षण विधियाँ एवं तकनीकी संसाधन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में किस प्रकार सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता एवं शिक्षकों के सकारात्मक मार्गदर्शन से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं संवादपूर्ण रहा। दोनों दिनों में लगभग 600 अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने इस मंत्रणा को सार्थक बनाया।

अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।