



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा आज बाईपास रोड स्थित एक निजी रिसॉर्ट में जिला पदाधिकारियों, जिला मोर्चों एवं जिला प्रकोष्ठों की अलग-अलग सत्रों में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं।
इन बैठकों की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की, जबकि जिला प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश सचिव अमित ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला सह-प्रभारी प्रियव्रत शर्मा की भी इन बैठकों में विशेष उपस्थिति रही।
जिला भाजपा हमीरपुर ने संगठनात्मक मजबूती व जनसंपर्क विस्तार को लेकर की महत्वपूर्ण बैठकें

बैठकों का मुख्य उद्देश्य मौजूदा समय में चल रहे संगठनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करना रहा।
इस दौरान बूथ सशक्तिकरण, संगठन की विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की उपस्थिति को और मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बैठक में अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की और विभिन्न पदाधिकारियों, मोर्चों व प्रकोष्ठों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की।
उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, समयबद्ध कार्य निष्पादन और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की वैचारिक एवं राजनीतिक सफलता की नींव होता है।
जिला सह-प्रभारी प्रियव्रत शर्मा ने अपने संबोधन में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि सकारात्मक संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हो सके।
जिला प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश सचिव अमित ठाकुर ने आगामी पार्टी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की और संगठनात्मक इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान की अपेक्षाओं के अनुरूप अनुशासनबद्ध तरीके से कार्य करना, कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करना और जनसंपर्क को निरंतर मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला हमीरपुर की संगठनात्मक टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लक्ष्यों को साकार करेगी।
बैठकों के बाद जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
Post Views: 100



















Total Users : 123574
Total views : 186878