हिम अकादमी स्कूल का गौरवपूर्ण क्षण: आदित्य राणा TES -54 एस. एस. बी में चयन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि विद्यालय के होनहार छात्र आदित्य राणा ने टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES–54) तथा सेवा चयन बोर्ड (SSB), इलाहाबाद की कठिन चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है।

 

इस सफलता के साथ आदित्य राणा ने मध्यप्रदेश के मोह से भारतीय थलसेना की सिग्नल्स कोर में चयन प्राप्त कर राष्ट्रसेवा की दिशा में अपना सशक्त कदम बढ़ाया है।आदित्य राणा अब चार वर्षों के कठोर सैन्य एवं शैक्षणिक प्रशिक्षण से गुजरेंगे, जिसके उपरांत उन्हें भारतीय थलसेना में लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्रदान किया जाएगा।

 

 

अपनी इस सफलता का श्रेय आदित्य राणा ने अपने माता–पिता एवं अपने अध्यापकों को दिया, जिनके मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा से वे अपने लक्ष्य तक पहुँच सके।आदित्य राणा की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि समस्त छात्र समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत है, जो विद्यार्थियों को निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रेरित करती है।

 

 

इस गौरवपूर्ण अवसर पर हिम अकादमी पब्लिक स्कूल का प्रबंधन आदित्य राणा के उज्ज्वल भविष्य, सफल प्रशिक्षण तथा राष्ट्रसेवा के मार्ग पर निरंतर उन्नति के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ अर्पित करता है।