



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने आज दांदडू-1 और दांदडू-2 बूथों का प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति और जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की।

अपने प्रवास के दौरान विधायक ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता के साथ साझा की। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली आपूर्ति, सोलर लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।



विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष विषयों के शीघ्र निवारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।



उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास निधि समय पर जारी न होने से कई आवश्यक कार्य लंबित हैं, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और संगठन तथा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करें तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार, मंडल महामंत्री अश्वनी बन्याल, दांदडू बूथ-1 अध्यक्ष पवन कुमार, दांदडू बूथ-2 अध्यक्ष दीप राम, जिला परिषद सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, मंडल कार्यकारिणी सदस्य राम कुमार, पंचायत उपप्रधान अजीत कुमार, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
















Total Users : 123572
Total views : 186876