



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोरंज में 50 बिस्तरों वाली अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) की स्थापना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।
23.75 करोड़ रुपये से होगा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: सुरेश कुमार



इस परियोजना पर 23.75 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे वित्त वर्ष 2025-26 में स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी भोरंज से विधायक सुरेश कुमार ने दी।



विधायक सुरेश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट के शुरू होने से भोरंज और आसपास के हजारों लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी। इससे गंभीर मरीजों को हमीरपुर, शिमला या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत अस्पताल में 50 अतिरिक्त बेड की सुविधा जुड़ेगी, जिससे वर्तमान में मौजूद 100 बिस्तरों की संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी। इसके साथ ही 8 नई ओपीडी शुरू होंगी तथा 14 अतिरिक्त चिकित्सकों और लगभग 20 पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इससे ओपीडी सेवाओं और उपचार व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।

विधायक ने जानकारी दी कि क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शीघ्र ही मुख्यमंत्री द्वारा परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा और निर्माण कार्य आरंभ होगा।
नए स्वीकृत 50 बिस्तरों के लिए अलग भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल के सी-ब्लॉक का निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिस पर करीब 3.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
सुरेश कुमार ने कहा कि भोरंज अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पहले ही यहां विभिन्न प्रमुख रोगों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि भोरंज अस्पताल में शीघ्र ही डायलिसिस सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। वर्तमान में अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, ऑक्सीजन प्लांट और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं।

क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना के बाद अस्पताल में हृदय रोगों के उपचार की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी, जो अब तक क्षेत्र के लिए एक बड़ी कमी थी। परियोजना के पूर्ण होने पर अस्पताल में लगभग दो दर्जन डॉक्टर और 50 से अधिक नर्सिंग व पैरा मेडिकल स्टाफ कार्यरत होगा।
विधायक ने कहा कि यह परियोजना भोरंज क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और आम जनता को घर के पास बेहतर, सुरक्षित और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।















Total Users : 122735
Total views : 185600