मंडी के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष खीरामणि ने भाजपा कार्यकर्ताओं संग प्रो. प्रेम कुमार धूमल से की शिष्टाचार भेंट

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- मंडी जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष खीरामणि ने भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से उनके समीरपुर स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

 

इस दौरान प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसकी जड़ें कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भाव में निहित हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं और पार्टी सदैव जनसेवा, विकास व सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।

 

 

प्रो. धूमल ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

 

वहीं, खीरामणि ने प्रो. प्रेम कुमार धूमल के मार्गदर्शन को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए।

 

 

उन्होंने कहा कि प्रो. धूमल का अनुभव और दूरदर्शिता आज भी पार्टी और कार्यकर्ताओं को सही दिशा देने का कार्य कर रही है। खीरामणि ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

भेंट के दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी वरिष्ठ नेता से मार्गदर्शन प्राप्त किया और संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।