



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेईई मेन 2026 का प्रथम सत्र 21 जनवरी से 30 जनवरी 2026 के मध्य कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी मोड) में आयोजित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर की ओर से जेईई मेन में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक आधिकारिक अकादमिक एवं परीक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है।


विद्यालय के विषय विशेषज्ञों ने बताया कि जेईई मेन में सफलता प्राप्त करने के लिए अवधारणात्मक स्पष्टता, समय प्रबंधन तथा उत्तरों की सटीकता अत्यंत आवश्यक है।



छात्रों को भौतिकी विषय में संख्यात्मक एवं बहु-अवधारणा आधारित प्रश्नों का नियमित अभ्यास करने, रसायन विज्ञान में एनसीईआरटी आधारित अध्ययन पर विशेष ध्यान देने तथा गणित में प्रश्न चयन की प्रभावी रणनीति अपनाने की सलाह दी गई है।
विद्यालय द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से मॉक टेस्ट, उनकी त्रुटि-विश्लेषण प्रक्रिया तथा व्यवस्थित पुनरावृत्ति को अपनी अध्ययन योजना का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे परीक्षा में आत्मविश्वास एवं प्रदर्शन दोनों में सुधार हो सके।

विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान वे बच्चों को सकारात्मक, सहयोगात्मक एवं तनावमुक्त वातावरण प्रदान करें तथा अंकों की अपेक्षा उनके प्रयास, निरंतरता और मानसिक संतुलन को प्राथमिकता दें।
विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा-उत्तीर्ण कराना ही नहीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या-समाधान क्षमता तथा आत्मविश्वास का विकास करना है। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी जेईई मेन 2026 के अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
















Total Users : 125103
Total views : 189212