



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई हमीरपुर द्वारा युवा पखवाड़ा के अंतर्गत ज्योत्सना JBT कॉलेज में एक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ते हुए उनके जीवन, दर्शन एवं राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका पर सार्थक विमर्श करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्योत्सना कॉलेज के डायरेक्टर उपेंद्र चौहान जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन आज के युवाओं के लिए ऊर्जा, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएं।



कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अभिलाष शर्मा, जिला संगठन मंत्री, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर रहे। उन्होंने संगोष्ठी के विषय “युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद—जीवन परिचय, वेदांत दर्शन, युवाओं की राष्ट्र के प्रति भूमिका, युवाओं के समक्ष चुनौतियां एवं उनके समाधान” पर विस्तृत विचार रखे।




उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का वेदांत दर्शन आत्मबल, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है। आज का युवा यदि इन विचारों को अपनाए, तो राष्ट्र की अनेक चुनौतियों का समाधान संभव है।

संगोष्ठी में उपस्थित विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे तथा चर्चा में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।


इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर उपाध्यक्ष पीतांबर विद्यार्थी परिषद की विभाग संयोजक भवानी ठाकुर सहित, कॉलेज के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

















Total Users : 125103
Total views : 189212